इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

कहानी 114

सारी बुराइयों का अंत

सारी बुराइयों का अंत

आपको यहाँ तसवीर में क्या दिखायी दे रहा है? एक सेना जो सफेद घोड़ों पर सवार होकर चली आ रही है। लेकिन यह सेना कहाँ से आ रही है? यह तो स्वर्ग से बादलों पर चली आ रही है! क्या स्वर्ग में भी घोड़े होते हैं?

नहीं, ये असली घोड़े नहीं हैं। यह हम कैसे कह सकते हैं? क्योंकि घोड़े बादलों पर नहीं दौड़ सकते। सही कहा ना? लेकिन बाइबल तो स्वर्ग में घोड़े होने की बात करती है। मालूम है क्यों?

वह इसलिए, क्योंकि पुराने ज़माने में लोग घोड़ों पर सवार होकर युद्ध करते थे। इसलिए यह समझाने के लिए कि परमेश्‍वर इंसानों से युद्ध करेगा, बाइबल कहती है कि उसकी सेना घोड़ों पर सवार होकर स्वर्ग से आएगी। पता है उस युद्ध का क्या नाम रखा गया है? हरमगिदोन। यह युद्ध धरती की सारी बुराइयों को खत्म करने के लिए लड़ा जाएगा।

हरमगिदोन के युद्ध में सबसे आगे यीशु होगा। याद है ना, यहोवा ने यीशु को अपने राज्य का राजा चुना है। इसीलिए यीशु के सिर पर मुकुट है। उसके हाथ में तलवार भी है, जिससे पता चलता है कि वह परमेश्‍वर के सारे दुश्‍मनों को खत्म कर देगा। क्या परमेश्‍वर पहली बार बुरे लोगों को खत्म करने जा रहा है?

जी नहीं। ज़रा पलटकर कहानी नंबर 10 देखिए। वहाँ क्या दिखाया गया है? एक भयंकर बाढ़, जिसमें सारे बुरे लोग मर गए। वह बाढ़ कौन लाया था? यहोवा परमेश्‍वर। अब कहानी नंबर 15 देखिए। वहाँ क्या हो रहा है? वहाँ आग से सदोम और अमोरा शहर का नाश हो रहा है। यह आग भी यहोवा ने ही भेजी थी।

अब ज़रा कहानी नंबर 33 देखिए। वहाँ मिस्रियों के घोड़ों और उनके रथों का क्या हो रहा है? वे डूब रहे हैं। यह किसने किया? यहोवा ने, और किसने। यह सब उसने अपने लोगों यानी इस्राएलियों को बचाने के लिए किया था। अब कहानी नंबर 76 देखिए। उसमें हमने पढ़ा था कि कैसे यहोवा ने इस्राएलियों को भी नाश होने दिया, क्योंकि वे बुरे काम करने लगे थे।

यह सब जानने के बाद क्या हमें इस बात से कोई हैरानी होनी चाहिए कि यहोवा स्वर्ग से अपनी सेना भेजकर धरती की सारी बुराइयाँ खत्म कर देगा? बिलकुल नहीं। लेकिन ज़रा सोचिए, इस सब के बाद क्या होगा! जानना चाहते हैं? तो पन्‍ना पलटिए और देखिए