इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

दुनिया का अंत कब होगा?

दुनिया का अंत कब होगा?

पिछले लेख में हमने देखा कि जब ईश्‍वर दुनिया का अंत करेगा, तो वह सभी इंसानों या धरती का नाश नहीं करेगा। वह सिर्फ बुरे लोगों का और बुरे कामों का अंत करेगा। क्या शास्त्र में यह भी लिखा है कि दुनिया का अंत कब होगा?

शास्त्र में अंत के बारे में क्या लिखा है?

“जागते रहो क्योंकि तुम न तो उस दिन को जानते हो, न ही उस घड़ी को।”​—मत्ती 25:13.

“जागते रहो, आँखों में नींद न आने दो क्योंकि तुम नहीं जानते कि तय किया हुआ वक्‍त कब आएगा।”​—मरकुस 13:33.

शास्त्र में लिखी इन बातों से पता चलता है कि इस दुनिया का अंत ठीक कब होगा, यह कोई नहीं जानता। यह बात सिर्फ ईश्‍वर जानता है। उसने ‘एक दिन और घड़ी’ तय की है जब वह इस दुनिया का अंत करेगा। (मत्ती 24:36) क्या इसका मतलब हम नहीं जान सकते कि अंत कब होगा? ऐसा नहीं है। जब ईश्‍वर का बेटा यीशु धरती पर था, तो उसने अपने शिष्यों को कुछ घटनाओं के बारे में बताया और कहा कि जब ये घटनाएँ होंगी, तो अंत बहुत करीब होगा।

अंत आने से पहले कौन-सी घटनाएँ होंगी?

यीशु ने बताया कि इस दुष्ट दुनिया के अंत से पहले कौन-कौन-सी घटनाएँ होंगी। उसने कहा, “एक राष्ट्र दूसरे राष्ट्र पर और एक राज्य दूसरे राज्य पर हमला करेगा। एक-के-बाद-एक कई जगह अकाल पड़ेंगे और भूकंप होंगे।” (मत्ती 24:3, 7) उसने यह भी कहा कि “महामारियाँ फैलेंगी।” (लूका 21:11) आपको क्या लगता है, क्या आज ऐसा हो रहा है?

युद्ध, भुखमरी, भूकंप और बीमारी की वजह से लोगों ने बहुत दुख झेले हैं और कितनों की तो जान भी चली गयी है। जैसे सन्‌ 2004 में हिंद महासागर में एक बहुत बड़ा भूकंप आया जिसकी वजह से सुनामी की लहरें उठीं और करीब 2,25,000 लोग मारे गए। तीन सालों में कोविड-19 महामारी ने पूरी दुनिया में लगभग 69,00,000 लोगों की जान ले ली। यीशु ने कहा था कि जब इस तरह की घटनाएँ होंगी, तो इसका मतलब होगा कि इस दुष्ट दुनिया का अंत बहुत करीब है।

‘आखिरी दिन’

दुनिया के अंत से पहले के समय को बाइबल में ‘आखिरी दिन’ कहा गया है। (2 पतरस 3:3, 4) शास्त्र में लिखा है कि आखिरी दिनों में लोग स्वार्थी, लालची और खूँखार हो जाएँगे और एक-दूसरे से प्यार नहीं करेंगे। (2 तीमुथियुस 3:1-5; “ दुनिया के अंत से पहले क्या होगा?” नाम का बक्स पढ़ें।) क्या आजकल लोग ऐसे ही नहीं हैं? यह भी इस बात का सबूत है कि बहुत जल्द इस दुनिया का अंत होनेवाला है।

आखिरी दिन कब तक चलेंगे? शास्त्र में लिखा है, बस थोड़े समय के लिए। बहुत जल्द परमेश्‍वर उन सभी लोगों का नाश कर देगा जो “पृथ्वी को तबाह” कर रहे हैं।​—प्रकाशितवाक्य 11:15-18; 12:12.

बहुत जल्द धरती खूबसूरत बन जाएगी

ईश्‍वर ने तय कर लिया है कि वह किस दिन और किस घड़ी इस बुरी दुनिया का अंत करेगा। (मत्ती 24:36) लेकिन वह नहीं चाहता कि जब अंत आए, तो “कोई भी नाश हो।” (2 पतरस 3:9) उसकी तो यही इच्छा है कि सबकी जान बच जाए और लोग इस धरती पर एक अच्छे माहौल में खुशी से जीएँ। इसीलिए वह आज सभी इंसानों को यह मौका दे रहा है कि वे उसके बारे में जानें और उसकी मरज़ी पूरी करें।

यीशु ने बताया था कि दुनिया के अंत से पहले ‘सारे जगत में परमेश्‍वर के राज की खुशखबरी का प्रचार किया जाएगा।’ (मत्ती 24:14) आज यहोवा के साक्षी पूरी दुनिया में लोगों को बता रहे हैं कि बहुत जल्द ईश्‍वर का राज आनेवाला है और यह पूरी धरती सुंदर बन जाएगी। वे लोगों को सिखा रहे हैं कि आज उन्हें क्या करना है ताकि जब दुनिया नयी हो जाए, तो उन्हें भी वहाँ जीने का मौका मिले। वे पूरी दुनिया में लोगों को यह खबर सुनाने में अरबों घंटे बिताते हैं। जैसा यीशु ने कहा था, आज वैसा ही हो रहा है और इससे पता चलता है कि अंत बहुत करीब है।

बहुत जल्द ईश्‍वर इस दुष्ट दुनिया का अंत कर देगा। उसके बाद फिर कभी इंसान एक-दूसरे पर राज नहीं करेंगे। यह धरती एक सुंदर बगीचे जैसी बन जाएगी और आप इस पर खुशी से जीएँगे। अगले लेख में हम इस बारे में और देखेंगे।

यीशु ने “आखिरी दिनों” के बारे में जो भविष्यवाणी की, उससे हमें उम्मीद मिलती है कि आगे चलकर हालात अच्छे हो जाएँगे