इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

कहानी 29

मूसा क्यों भाग गया

मूसा क्यों भाग गया

इस आदमी को देखिए, लगता है वह कहीं से भाग रहा है। आखिर वह है कौन? वह मूसा है, जो अब बड़ा हो गया है। वह मिस्र से भागा जा रहा है। और देखिए दो आदमी उसका पीछा कर रहे हैं। वे उसे मार डालना चाहते हैं। लेकिन क्यों? चलिए पता करते हैं।

आपको तो मालूम ही है कि मूसा, फिरौन के घर में पला-बढ़ा था। बड़ा होकर मूसा बहुत ही बुद्धिमान और मशहूर इंसान बना। वह जानता था कि उसके असली माँ-बाप मिस्री नहीं, बल्कि इस्राएली गुलाम हैं।

मूसा अब 40 साल का हो गया था। एक दिन उसने सोचा, क्यों न चलकर देखूँ कि मेरे लोग किस हाल में हैं। जब मूसा इस्राएलियों के पास गया, तो जानते हैं उसने क्या देखा? यही कि इस्राएलियों के साथ बहुत ही बुरा सलूक किया जा रहा है। उसकी आँखों के सामने एक मिस्री, एक इस्राएली को मार रहा था। मूसा ने इधर-उधर देखा और जब पाया कि उसे कोई नहीं देख रहा है, तो उसने मिस्री को इतनी ज़ोर से मारा कि वह मर गया। फिर मूसा ने उसकी लाश को बालू में छिपा दिया।

अगले दिन मूसा फिर अपने लोगों को देखने गया। उसने सोचा कि वह इस्राएलियों की मदद करके उन्हें मिस्र की गुलामी से छुड़ा सकता है। लेकिन जब वह वहाँ पहुँचा तो देखा कि दो इस्राएली आदमी आपस में लड़ रहे हैं। जिस आदमी की गलती थी, उससे मूसा ने कहा: ‘तुम अपने ही भाई को क्यों मार रहे हो?’

उस आदमी ने पलटकर जवाब दिया: ‘तुम क्या हमारे राजा हो, जो हमारा फैसला करने चल दिए? क्या तुम मुझे भी उस मिस्री की तरह मार डालना चाहते हो?’

यह सुनकर मूसा के होश उड़ गए। वह समझ गया कि लोगों को पता चल गया है कि उसने एक मिस्री को मारा है। जब यह खबर फिरौन तक पहुँची, तो उसने मूसा को मार डालने के लिए उसके पीछे अपने आदमी भेजे। इसी वजह से मूसा को मिस्र से भागना पड़ा।

मूसा मिस्र से भागते-भागते एक दूर देश, मिद्यान में आ गया। वहाँ वह यित्रो के परिवार से मिला। उसने यित्रो की एक बेटी, सिप्पोरा से शादी कर ली। फिर मूसा यित्रो की भेड़ों की देखभाल करने लगा। वह मिद्यान देश में 40 साल तक रहा। अब वह 80 साल का हो गया। एक दिन मूसा, यित्रो की भेड़ों को चरा रहा था कि तभी एक अजीब-सी घटना घटी। उस घटना के बाद मूसा की पूरी ज़िंदगी ही बदल गयी। क्या आप जानना चाहते हैं कि वह अजीब-सी घटना क्या थी? तो पन्‍ना पलटिए और देखिए।