इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

पहले पेज का विषय | बाइबल को कोई नहीं मिटा पाया

ऐसी चीज़ों पर लिखी गयी जो नहीं टिकतीं

ऐसी चीज़ों पर लिखी गयी जो नहीं टिकतीं

खतरा: बाइबल के लिखनेवालों और उसकी नकल तैयार करनेवालों ने सरकंडे a और जानवरों के चमड़े से बने पत्रों का इस्तेमाल किया। (2 तीमुथियुस 4:13) इस वजह से बाइबल का आज तक बचना क्यों मुश्‍किल हो गया था?

सरकंडे से बना पत्र आसानी से फट सकता है और समय के चलते उसका रंग भी फीका पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सरकंडे से बना पत्र भुरभुरा हो सकता है या उसमें फफूँदी (या फंगस) लग सकती है और वह खराब हो सकता है। और अगर उसे ज़मीन में गाड़ा जाए तो चूहे या कीड़े, खासकर दीमक उसे खा सकते हैं। और सरकंडे से बनी कुछ हस्तलिपियों के साथ ऐसा ही कुछ हुआ। सूरज की ज़्यादा रौशनी पड़ने पर और नमी की वजह से वे खराब हो गयीं।

जानवरों के चमड़े से बने पत्र यानी चर्मपत्र, सरकंडे से बने पत्र से ज़्यादा टिकाऊ हैं। फिर भी ये ज़्यादा तापमान, नमी या रौशनी की वजह से खराब या नष्ट हो सकते हैं। b इनमें कीड़े भी लग सकते हैं। यही वजह है कि क्यों प्राचीन हस्तलिपियों में से सिर्फ कुछ ही आज तक बची हैं। अगर बाइबल की सारी हस्तलिपियाँ मिट जातीं, तो बाइबल का संदेश भी मिट जाता।

बाइबल कैसे बची? मूसा के कानून में यह नियम था कि इसराएल के हर राजा को ‘कानून की किताब [यानी बाइबल की पहली पाँच किताबों] में लिखी सारी बातें हू-ब-हू अपने लिए एक किताब में लिख लेनी थीं।’ (व्यवस्थाविवरण 17:18) यही नहीं, शास्त्र की नकल तैयार करनेवाले लोगों ने इतनी सारी कॉपियाँ बना लीं कि यीशु के ज़माने तक पूरे इसराएल के सभा-घरों में, यहाँ तक की यूरोप की कुछ जगहों के सभा-घरों में भी ये कॉपियाँ पायी गयीं। (लूका 4:16, 17; प्रेषितों 17:11) बाइबल की कुछ बहुत ही पुरानी हस्तलिपियाँ आज तक कैसे सलामत रहीं?

मृत सागर के पास जो खर्रे मिले, वे सदियों तक इसलिए सलामत रहे क्योंकि उन्हें मिट्टी के मटकों में डालकर सूखे इलाके की गुफाओं में रखा गया था

नए नियम पर अध्ययन करनेवाले विद्वान, फिलिप डब्ल्यू. कमफर्ट कहते हैं, “यहूदी लोग, शास्त्र के खर्रों को बचाकर रखने के लिए उन्हें सुराहियों या मटकों में रखते थे।” पुराने ज़माने के मसीही भी ऐसा ही करते थे। इसीलिए बाइबल की कुछ बहुत ही पुरानी हस्तलिपियाँ मिट्टी के मटकों में पायी गयीं। कुछ ऐसी भी हस्तलिपियाँ हैं जो छोटे कमरों, गुफाओं और ऐसे इलाकों में पायी गयीं जहाँ बहुत सूखा होता है।

नतीजा: बाइबल के अलग-अलग हिस्सों की हज़ारों हस्तलिपियाँ आज तक मौजूद हैं। इनमें से कुछ हस्तलिपियाँ 2,000 साल से भी ज़्यादा पुरानी हैं। पुराने ज़माने की ऐसी कोई लिखाई नहीं है, जिसकी बाइबल के जितनी हस्तलिपियाँ हों या जिनकी हस्तलिपियाँ बाइबल की हस्तलिपियों जितनी पुरानी हों।

a सरकंडा (पपाइरस) एक पौधा है, जो नदी-तालाब में पाया जाता है।

b उदाहरण के लिए, ‘अमरीका के स्वतंत्रता का घोषणा-पत्र’ चर्मपत्र पर तैयार किया गया था। अब करीब ढाई सौ साल बाद उसकी लिखाई इतनी हलकी पड़ गयी है कि उसे पढ़ा भी नहीं जाता।