इस जानकारी को छोड़ दें

क्या आप बाइबल के बारे में और ज़्यादा जानना चाहते हैं?

क्या आप बाइबल के बारे में और ज़्यादा जानना चाहते हैं?

क्या आप बाइबल के बारे में और ज़्यादा जानना चाहते हैं?

बाइबल क्यों पढ़नी चाहिए?

बाइबल, दुनिया की सब किताबों से बेजोड़ है। यह बताती है कि परमेश्‍वर ने हमारी भलाई के लिए कौन-सी सलाहें दी हैं। (1 थिस्सलुनीकियों 2:13) अगर आप इसकी शिक्षाओं को अपनी ज़िंदगी में लागू करेंगे तो आपको बहुत फायदा होगा। आपके दिल में उस परमेश्‍वर के लिए प्यार बढ़ेगा जो ‘हर एक अच्छे वरदान और हर एक उत्तम दान’ का देनेवाला है। (याकूब 1:17) आप उसके और भी करीब आएँगे। आप सीख पाएँगे कि उससे कैसे प्रार्थना करनी चाहिए। मुसीबत के वक्‍त में आप उससे मदद पा सकेंगे। इतना ही नहीं, अगर आप बाइबल में बताए गए स्तरों के मुताबिक जीएँगे तो परमेश्‍वर आपको हमेशा की ज़िंदगी का इनाम देगा।—रोमियों 6:23.

बाइबल में पायी जानेवाली सच्चाई हमारी आँखें खोल देती है। जो लोग बाइबल का ज्ञान पाते हैं, वे ऐसी गलत धारणाओं से आज़ाद हो जाते हैं जिन्होंने आज लाखों लोगों को अपना शिकार बनाया हुआ है। मिसाल के तौर पर, इंसान के मरने के बाद क्या होता है इसके बारे में बाइबल की सच्चाई हमारा यह डर दूर कर देती है कि मरे हुओं की आत्मा हमें सताएगी या हमारे जो रिश्‍तेदार और दोस्त मर चुके हैं, वे नरक में तड़प रहे हैं। (सभोपदेशक 9:5,10) और बाइबल में दी गयी पुनरुत्थान की शिक्षा ऐसे लोगों को दिलासा देती है जिनके अपनों को मौत ने उनसे जुदा कर दिया है। (यूहन्‍ना 11:25) बाइबल हमें दुष्ट स्वर्गदूतों के बारे में जो सच्चाई बताती है, उससे हम आत्माओं और प्रेतात्मावाद के खतरों से खबरदार हो जाते हैं और यह भी समझ पाते हैं कि आज दुनिया में इतनी बुराई क्यों है।

बाइबल में दिए गए परमेश्‍वर के सिद्धांत हमें बताते हैं कि किस तरह की ज़िंदगी जीने से हमें शारीरिक तौर पर फायदा होगा। उदाहरण के लिए, अगर हम अपनी आदतों में “संयमी” बनें, तो हम सेहतमंद रहेंगे। (1 तीमुथियुस 3:2) अगर ‘हम अपने आप को शरीर और आत्मा की सब मलिनता से शुद्ध करेंगे’ तो हम अपनी सेहत को खराब होने से बचा सकेंगे। (2 कुरिन्थियों 7:1) इतना ही नहीं, बाइबल की सलाह पर चलने से शादी-शुदा ज़िंदगी खुशहाल होगी और हमारा आत्म-सम्मान भी बढ़ेगा।—1 कुरिन्थियों 6:18.

अगर आप परमेश्‍वर के वचन को अपने जीवन में लागू करें तो आपकी खुशी दुगनी हो जाएगी। इसके ज्ञान से हमें मन की शांति, संतुष्टि और जीवन में आशा मिलती है। इसकी मदद से हम करुणा, प्रेम, आनंद, मेल, कृपा, और विश्‍वास जैसे बढ़िया गुण पैदा कर पाएँगे। (गलतियों 5:22,23; इफिसियों 4:24,32) ऐसे गुण हमें अच्छा पति, अच्छी पत्नी, अच्छी माँ, अच्छा पिता, अच्छा बेटा या अच्छी बेटी बनाते हैं।

क्या आपने कभी आनेवाले कल के बारे में सोचा है? बाइबल की भविष्यवाणियाँ बताती हैं कि आज हम इतिहास के बहुत ही नाज़ुक दौर से गुज़र रहे हैं। इन भविष्यवाणियों में न सिर्फ आज के हालात का ब्यौरा दिया गया है बल्कि यह भी बताया गया है कि बहुत जल्द परमेश्‍वर इस धरती को एक खूबसूरत फिरदौस में बदल देगा।—प्रकाशितवाक्य 21:3,4.

बाइबल समझने के लिए मदद

हो सकता है आपने बाइबल पढ़ने की कोशिश की हो मगर उसे समझ न सके हों। शायद आपको बाइबल में से अपने सवालों के जवाब ढूंढ़ने न आते हों। अगर ऐसा है तो परेशान मत होइए। दरअसल, हममें से कोई भी बिना मदद के परमेश्‍वर का वचन नहीं समझ सकता। इसीलिए करीब 235 देशों में यहोवा के साक्षी लाखों लोगों को बाइबल की मुफ्त शिक्षा दे रहे हैं। उन्हें आपकी भी मदद करने में खुशी होगी।

बाइबल की बुनियादी बातें सीखते हुए इसका सिलसिलेवार ढंग से अध्ययन करना ज़्यादा फायदेमंद है। (इब्रानियों 6:1) फिर कुछ समय बाद आप “अन्‍न” यानी बाइबल की गूढ़ सच्चाइयाँ समझने के काबिल बनेंगे। (इब्रानियों 5:14) बाइबल ही मूल ग्रन्थ है। इसे समझानेवाले साहित्य जैसे परमेश्‍वर हमसे क्या माँग करता है? ब्रोशर बाइबल के अलग-अलग विषयों से ताल्लुक रखनेवाली आयतों को समझने में आपकी मदद करेगा।

क्या आप हर हफ्ते बाइबल सीखने के लिए कुछ वक्‍त निकालने को तैयार हैं?

बाइबल अध्ययन के लिए समय और जगह आपकी सहूलियत के मुताबिक तय की जा सकती है। बहुत-से लोग घर पर ही अध्ययन करते हैं। दूसरे कुछ तो टेलीफोन के ज़रिए अध्ययन करते हैं। यह इंतज़ाम ऐसा नहीं कि जिसमें बहुत सारे लोगों को एक-साथ किसी क्लास में बिठाकर सिखाया जाता हो। बल्कि आपके हालात के मुताबिक और आपके ज्ञान और समझने की काबीलियत को ध्यान में रखते हुए सिर्फ आपके लिए किया जाएगा। आपसे कोई परीक्षा नहीं ली जाएगी और न ही आपको किसी तरह की शर्मिंदगी महसूस होगी। अध्ययन में आपके सवालों के जवाब दिए जाएँगे और आप सीखेंगे कि आप परमेश्‍वर के साथ कैसे एक करीबी रिश्‍ता बना सकते हैं।

इस बाइबल अध्ययन के लिए आपको कोई फीस भरने की ज़रूरत नहीं। (मत्ती 10:8) इस मुफ्त इंतज़ाम से सभी धर्म के लोग फायदा पा सकते हैं, ऐसे लोग भी जो किसी धर्म को नहीं मानते मगर बाइबल का और ज़्यादा ज्ञान लेना चाहते हैं।

इस चर्चा में कौन-कौन हिस्सा ले सकते हैं? आपके परिवार के सभी सदस्य। आप चाहें तो चर्चा में भाग लेने के लिए अपने दोस्तों को भी बुला सकते हैं। या अगर आप चाहते हैं तो यह चर्चा अकेले आपके साथ की जा सकती है।

बहुत-से लोग बाइबल का अध्ययन करने में हर हफ्ते एक घंटा बिताते हैं। हर हफ्ते आप जितना भी समय दे पाएँ, साक्षी आपकी मदद करने के लिए तैयार हैं।

सीखने के लिए बुलावा

हम चाहते हैं कि आप यहोवा के साक्षियों से मिलें। इसका एक तरीका यह है कि आप नीचे दिए गए किसी भी पते पर उन्हें लिखें। इससे आपको मुफ्त में बाइबल सिखाने के लिए किसी को भेजने का इंतज़ाम किया जा सकेगा।

परमेश्‍वर हमसे क्या माँग करता है? इस ब्रोशर के बारे में मुझे और भी जानकारी भेजिए।

□ मुझे घर पर मुफ्त बाइबल अध्ययन कराने के लिए मुझसे मिलिए।

इस ट्रैक्ट में द होली बाइबल हिन्दीओ. वी. और द होली बाइबल—ए न्यू हिन्दी ट्रांस्लेशन—NHT इस्तेमाल की गई है।