इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

कुछ ऐसा ढूँढ़िए जो सोने से भी अनमोल है

कुछ ऐसा ढूँढ़िए जो सोने से भी अनमोल है

क्या आपको कभी सोने का डला मिला है? बहुत कम लोगों को मिला है। लेकिन लाखों लोगों ने उससे भी बढ़िया कुछ पाया है। वह है परमेश्वर से मिलनेवाली बुद्धि, जो ‘चोखे सोने से भी मोल नहीं ली जा सकती।’—अय्यू. 28:12, 15.

बाइबल विद्यार्थी कुछ मायनों में सोना ढूँढ़नेवालों की तरह हैं। वे कड़ी मेहनत करते हैं और परमेश्वर से मिलनेवाली बुद्धि पाने के लिए शास्त्र में लगातार खोजबीन करते हैं। हम सोना ढूँढ़ने के तीन तरीकों पर गौर करेंगे और देखेंगे कि हम क्या सीख सकते हैं।

आपको सोने का डला मिलता है!

कल्पना कीजिए कि आप नदी के किनारे चल रहे हैं और आपको छोटा-सा पत्थर दिखायी देता है, जो सूरज की रौशनी से चमक रहा है। आप उसे देखने के लिए नीचे झुकते हैं और पाते हैं कि वह सोने का एक डला है। वह माचिस की तीली के सिरे जितना छोटा है और बेहतरीन हीरे से भी अनमोल है। आप आस-पास नज़र डालते हैं कि कहीं कोई और डले तो नहीं हैं।

उसी तरह, आपको वह दिन याद होगा जब कुछ समय पहले यहोवा का एक साक्षी, बाइबल से खुशखबरी सुनाने आपके घर आया था। शायद आपको वह पल भी अच्छी तरह याद होगा जब आपको बाइबल से पहली बार कोई अनमोल सच्चाई पता चली, या यूँ कहें कि आपको बाइबल से पहला सोने का डला मिला। यह शायद तब हुआ होगा जब आपने पहली बार बाइबल से जाना कि परमेश्वर का नाम यहोवा है। (भज. 83:18) या शायद तब जब आपने यह सीखा कि आप यहोवा के दोस्त बन सकते हैं। (याकू. 2:23) आप फौरन समझ गए कि आपको सोने से भी अच्छा कुछ मिल गया है! आप शायद और सोने के डले पाने के लिए बेताब थे।

आपको और सोने के डले मिले!

कभी-कभी सोने के छोटे-छोटे कण या टुकड़े नहरों और नदियों में जमा होते हैं। सोना ढूँढ़नेवालों को कभी-कभी ऐसी जगहों पर कई किलो सोना जमा मिलता है, जिसकी कीमत हज़ारों डॉलर होती है।

जब आपने यहोवा के साक्षियों के साथ बाइबल सीखना शुरू किया, तो आपको शायद लगा होगा कि आप उस सोना ढूँढ़नेवाले की तरह हैं जो नदियों में जमा सोना पाने के लिए बहुत सारी मिट्टी छानता है। एक-के-बाद-एक बाइबल की आयतों पर मनन करने से आपका ज्ञान बढ़ता गया, जिससे आप और तरक्की करते गए। जैसे-जैसे आप बाइबल की सच्चाइयाँ सीखते गए, आपने जाना कि आप कैसे यहोवा के करीब आ सकते हैं और उसके प्यार के लायक बने रह सकते हैं, जिससे आपको हमेशा की ज़िंदगी मिलेगी।—याकू. 4:8; यहू. 20, 21.

क्या आप भी सोना ढूँढ़नेवाले की तरह बाइबल से अनमोल सच्चाइयाँ सीखने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं?

ठीक जैसे सोना ढूँढ़नेवाला सोना ढूँढ़ने में लगा रहता है, उसी तरह शायद आपने भी बड़े ध्यान से बाइबल की अनमोल सच्चाइयों के बारे में खोजबीन की होगी। बाइबल की बुनियादी सच्चाइयाँ सीखने के बाद, आपको कुछ कदम उठाने का बढ़ावा मिला होगा, ताकि आप यहोवा को अपनी ज़िंदगी समर्पित करें और बपतिस्मा लें।—मत्ती 28:19, 20.

ढूँढ़ते रहिए!

ज्वालामुखी से बनी चट्टानों में अकसर थोड़ा-बहुत सोना पाया जाता है। लेकिन कुछ इलाकों की चट्टानों में इस हद तक सोना होता है कि वहाँ की मिट्टी से सोना निकाला जा सकता है। शायद ऐसी मिट्टी में सोना आसानी से दिखायी न दे। ऐसा क्यों? क्योंकि इन चट्टानों से निकाली गयी एक टन मिट्टी में सिर्फ 10 ग्राम सोना मौजूद होता है, वह भी तब जब मिट्टी बेहतरीन किस्म की हो! लेकिन फिर भी, सोना ढूँढ़नेवाला जानता है कि उसकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी।

एक व्यक्ति को ‘मसीह के बारे में बुनियादी शिक्षाएँ’ सीखने के बाद भी तरक्की करते रहना चाहिए। (इब्रा. 6:1, 2) आपको निजी बाइबल अध्ययन से ताज़ा-तरीन और व्यवहारिक जानकारी ढूँढ़ने के लिए मेहनत करनी चाहिए। चाहे आपको बाइबल का अध्ययन करते कई साल हो गए हों, फिर भी निजी बाइबल अध्ययन से फायदा पाते रहने के लिए आप क्या कर सकते हैं?

बाइबल से सीखने के लिए अपना जोश बनाए रखिए। छोटी-छोटी जानकारियों पर ध्यान दीजिए और लगातार मेहनत करते रहिए। इससे आपको ऐसे अनमोल डले मिलेंगे जिनमें परमेश्वर से मिलनेवाली बुद्धि और निर्देश पाए जाते हैं। (रोमि. 11:33) शास्त्र के बारे में अपना ज्ञान बढ़ाने के लिए, अपनी भाषा में खोजबीन के लिए मौजूद अलग-अलग औज़ारों का इस्तेमाल कीजिए। जब आपको कोई मदद या बाइबल से जुड़े किसी सवाल का जवाब चाहिए तो खोजबीन करते वक्‍त सब्र रखिए। दूसरों से पूछिए कि कौन-सी आयतों और लेखों से उन्हें मदद मिली और उनका हौसला बढ़ा। अध्ययन के दौरान जब आप कोई दिलचस्प बात सीखते हैं तो उसके बारे में दूसरों को बताइए।

बेशक आपका लक्ष्य सिर्फ अपना ज्ञान बढ़ाना नहीं है। प्रेषित पौलुस ने चेतावनी देते हुए कहा कि “ज्ञान घमंड से भर देता है” (1 कुरिं. 8:1) इसलिए नम्र बने रहने और विश्वास में मज़बूत बने रहने के लिए मेहनत करते रहिए। नियमित तौर पर पारिवारिक उपासना और निजी बाइबल अध्ययन करने से आप यहोवा के स्तरों के मुताबिक जी पाएँगे और दूसरों की मदद कर पाएँगे। सबसे बढ़कर, आपको खुशी मिलेगी क्योंकि आपने सोने से भी अच्छा कुछ पाया है।—नीति. 3:13, 14.