इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

वैज्ञानिक क्या नहीं जानते?

वैज्ञानिक क्या नहीं जानते?

वैज्ञानिकों ने ब्रह्‍मांड का काफी अध्ययन किया है। लेकिन अब भी ऐसे कई सवाल हैं जिनके जवाब वे नहीं जानते।

क्या वैज्ञानिक बता सकते हैं कि ब्रह्‍मांड और सारे जीव कैसे बने? इसका सीधा-सा जवाब है, नहीं। कुछ लोग कहते हैं कि जो वैज्ञानिक ब्रह्‍मांड का अध्ययन करते हैं, वे बता सकते हैं कि ब्रह्‍मांड की शुरूआत कैसे हुई। लेकिन ध्यान दीजिए कि इस बारे में प्रोफेसर मारसेलू ग्लेज़ीर का क्या कहना है। वे डार्टमाउथ कॉलेज में खगोल विज्ञान पढ़ाते हैं। उन्हें इस बात का पक्का यकीन नहीं है कि एक ईश्‍वर है। पर वे कहते हैं कि वैज्ञानिक “अब तक यह नहीं समझा पाए हैं कि ब्रह्‍मांड की शुरूआत कैसे हुई।”

धरती पर जीव कैसे आए, इस बारे में साइंस न्यूज़  पत्रिका में भी कुछ ऐसी ही बात लिखी है, “शायद कोई नहीं बता सकता कि धरती पर जीवों की शुरूआत कैसे हुई। वह इसलिए कि जब धरती बनी थी, उस ज़माने की चट्टानें कब की खत्म हो चुकी हैं। और अब वे जीवाश्‍म (या फॉसिल) भी नहीं रहे जिनसे हम पता लगा पाते कि उस वक्‍त असल में क्या हुआ था।” इन बातों से पता चलता है कि वैज्ञानिक अब तक नहीं बता पाए हैं कि ब्रह्‍मांड और सारे जीव कैसे बने।

आप शायद सोचें, ‘अगर धरती पर सभी जीवों को किसी ने बनाया है, तो आखिर वह है कौन?’ हो सकता है, आपके मन में कुछ और सवाल भी आएँ। जैसे, ‘अगर दुनिया को किसी ने बनाया है और वह बहुत बुद्धिमान है और हमसे प्यार करता है, तो वह हमारे लिए कुछ करता क्यों नहीं? जब लोगों पर तकलीफें आती हैं, तो वह बस देखता क्यों रहता है? उसने इतने सारे धर्म क्यों बनने दिए जो एक-दूसरे से बिलकुल अलग बातें सिखाते हैं? और जब ईश्‍वर को माननेवाले ही इतने बुरे काम करते हैं, तो वह उन्हें रोकता क्यों नहीं?’

यह सच है कि वैज्ञानिक इन सवालों के जवाब नहीं दे सकते, लेकिन इनके जवाब आपको मिल सकते हैं। बहुत-से लोगों को इनके जवाब बाइबल से मिले हैं।

कुछ वैज्ञानिकों ने बाइबल पढ़ी और अब वे मानते हैं कि किसी ने दुनिया को बनाया है। अगर आप जानना चाहते हैं कि वे क्यों ऐसा मानते हैं, तो jw.org/hi पर जाइए और खोजिए बक्स में “जीवन की शुरूआत के बारे में उनकी राय” टाइप कीजिए।