इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

मुद्दतों से सबकी चहेती—प्याज़

मुद्दतों से सबकी चहेती—प्याज़

मुद्दतों से सबकी चहेती—प्याज़

मेक्सिको में सजग होइए! लेखक द्वारा

क्या ऐसा कोई रसोईघर होगा जिसमें प्याज़ न हो? नहीं, हम ऐसा सोच भी नहीं सकते। प्याज़ लगभग हर चीज़ में इस्तेमाल की जा सकती है, सूप में, सलाद में, खास पकवानों में, यहाँ तक कि दवा बनाने में। और हाँ, प्याज़ हमें रुलाने में भी उस्ताद है!

प्याज़ ऐसे खूबसूरत फूलवाले पौधों की जाति से है, जिन्हें अँग्रेज़ी में गोल्डन अनियन, ब्राइड्‌स अनियन और ऑर्नमेंटल गार्लिक कहते हैं। प्याज़ के पौधे पर भी खूबसूरत फूल खिलते हैं। लेकिन जिस प्याज़ के दर्शन दुनिया के लगभग हर रसोईघर में मिलते हैं, वह कुछ और नहीं बल्कि एक कंद है, जो ज़मीन के नीचे उगती है और कई मोटी-मोटी परतों से बनी होती है।

प्याज़ उन सब्ज़ियों में से एक है जिनकी खेती इंसान ज़माने से करता आया है। पुराने ज़माने में इसका इस्तेमाल कितना आम था, यह हम बाइबल में दर्ज़ जानकारी से पता कर सकते हैं। यह बताती है कि करीब सा.यु.पू. 1513 में इस्राएलियों का जी प्याज़ खाने को ललचा रहा था, जो उन्होंने कभी मिस्र की गुलामी में खायी थी।—गिनती 11:5.

लेकिन प्याज़ के स्वाद में ऐसा क्या है कि अलग-अलग मुल्क के लोग इसे खूब पसंद करते हैं? बेशक इसका राज़ है, इसमें मौजूद गंधक के यौगिक जिनकी वजह से इसमें खास महक और तीखापन होता है। और इस गंधक का सलफ्यूनिक एसिड ही वह पदार्थ है, जो हमें रुलाता है।

सिर्फ स्वाद की बात नहीं

प्याज़, इंसान की सेहत के लिए ज़रूरी है। इसमें कई पौष्टिक तत्त्व होते हैं, जैसे कैलशियम, फॉस्फोरस और ऐस्कॉर्बिक एसिड जिसे विटामिन-सी भी कहा जाता है। लेकिन प्याज़ में जो औषधीय गुण हैं, उनकी वजह से बीते समयों से इसे खास अहमियत दी गयी है। आज भी इसे कई बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल किया जाता है, जैसे सर्दी-ज़ुकाम, लॆरिंजाइटिस (ध्वनि-बक्स में सूजन), ऐथिरॉस्क्लेरोसिस (धमनियों में वसा का जमना), कोरोनरी हार्ट डिज़ीज़ (हृदय की धमनियों का सकरा होना), डायबिटीज़ और दमा। इसके अलावा, कहा जाता है कि प्याज़ में घावों को ठीक करने, साथ ही कोलेस्ट्रॉल और कैंसर के खिलाफ लड़ने की ताकत है। यह सूजन और खून के थक्के जमने से भी रोकती है।

प्याज़ कई रंगों की होती है, सफ़ेद, पीली, भूरी, हरी, लाल और बैंजनी। आप चाहे तो इसे कच्चा खा सकते हैं या पकाकर, इसका अचार बना सकते हैं या सुखाकर रख सकते हैं। यह सीलबंद डिब्बों में बिकती है, और इसके फ्लेक्स, पाउडर और क्यूब भी मिलते हैं। प्याज़ आपको थोड़ा-बहुत रुला दे तो क्या हुआ, है न यह कमाल की चीज़? (g04 11/8)