इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

नॆदरलैंडस्‌ में हर किस्म के लोगों की मदद करना

नॆदरलैंडस्‌ में हर किस्म के लोगों की मदद करना

राज्य उद्‌घोषक रिपोर्ट करते हैं

नॆदरलैंडस्‌ में हर किस्म के लोगों की मदद करना

इब्राहीम का विश्‍वास बेमिसाल था। उसके बारे में प्रेरित पौलुस ने कहा कि उसे “जब बुलाया गया” तो उसने परमेश्‍वर की आज्ञा मानी और हालाँकि वह ‘यह न जानता था, कि वह किधर जा रहा है; तौभी निकल गया।’ स्वदेश से निकल जाने के बाद, इब्राहीम ने अपने पूरे परिवार के साथ जीवन के बाकी के सौ साल “प्रतिज्ञा किए हुए देश में . . . परदेशी” के तौर पर वास किया।—इब्रानियों 11:8, 9.

इब्राहीम की तरह आज भी यहोवा के कई साक्षियों ने ज़्यादा ज़रूरतवाले देशों में जाकर बसने की चुनौती को स्वीकार किया है। कई लोगों ने तो दूसरी भाषा सीखी है ताकि वे उन विदेशियों को उनकी भाषा में गवाही दे सके जो उनके देश में आकर बस गए हैं। नीचे दिए गए अनुभवों से पता चलता है कि उनकी अच्छी भावना की वज़ह से नॆदरलैंडस्‌ में “एक बड़ा और उपयोगी द्वार खुल” गया है। वहाँ 1.5 करोड़ लोगों की आबादी में से लगभग दस लाख लोग दूसरे देशों से आए हैं।—1 कुरिन्थियों 16:9.

◻ बाराम खाड़ी देश में रहता था। वह पहले कुंग-फू सिखाता था। कहीं से बाइबल और वॉच टावर द्वारा छापी गयीं कुछ किताबें उसे मिल गयीं। एक महीने के अंदर ही बाराम को एहसास हो गया कि उसे सच्चाई मिल गयी है। उसके और उसकी पत्नी के साथ बाइबल स्टडी शुरू की गयी मगर एक समस्या आड़े आ गयी। उन्हें सिखानेवाले भाई को उनकी भाषा नहीं आती थी। वे कहते हैं कि वे आपस में मानो “हाथ-पैर से” इशारा करते हुए बातचीत किया करते थे। समय के गुज़रते, बाराम और उसकी पत्नी को ऐसी कलीसिया के बारे में पता चला जहाँ उनकी भाषा बोली जाती थी और तब से उन्होंने बड़ी तेज़ी से प्रगति की। बाराम अब बपतिस्मा ले चुका है और यहोवा का एक साक्षी है।

◻ डच भाषा बोलनेवाला एक दंपति पायनियर का काम करते थे। एक दिन वे एक इंडोनेशियन व्यक्‍ति के पास गए जो सुपरमार्केट के सामने खड़ा था। जब इस दंपति ने उस आदमी के साथ उसकी भाषा में बात की तो उसे खुशी भी हुई और आश्‍चर्य भी। उन दोनों पायनियरों ने इस आदमी के घर पर फिर से मिलने का इंतज़ाम किया। बाद में उन्हें यह पता चला कि वह आदमी रूस में 20 से भी ज़्यादा साल रहा था और उस दौरान वह एक स्त्रीरोग विशेषज्ञ बन गया था। उसने कहा कि वह एक नास्तिक है मगर जब भी वह किसी शिशु के जन्म लेने में मदद करता तो उसे बहुत ही आश्‍चर्य होता और हर बार वह इस बात को कबूल किए बिना नहीं रह सकता कि “इंसान का शरीर कितने कमाल का है! यह कितना बड़ा चमत्कार है!” वह बाइबल का अध्ययन करने को राज़ी हो गया और जल्द ही यह मानने लगा कि एक सृष्टिकर्ता है जो इंसानों की परवाह करता है। (1 पतरस 5:6, 7) अब उसका बपतिस्मा हो चुका है और वह एम्पस्टरडैम की इंडोनेशियन कलीसिया का एक सदस्य है।

◻ रॉटरडैम दुनिया का एक सबसे बड़ा बंदरगाह है। और वहाँ कुछ पायनियर हर रोज़ बंदरगाह पर आनेवाले अलग-अलग भाषा के लोगों को प्रचार करने में बहुत ही माहिर हो गए हैं। इन उत्साही प्रचारकों के काम का नतीजा यह हुआ कि जहाज़ पर काम करनेवाले कई लोगों ने सच्चाई स्वीकार की है। इनमें एक कप्तान, एक अफसर और एक ऐसा आदमी भी शामिल है जो पहले बॉडीगार्ड का काम करता था। अब ये भी परमेश्‍वर के राज्य के सुसमाचार को दुनिया के कोने-कोने तक फैलाने में मदद करते हैं।—मत्ती 24:14.

दुनिया के दूसरे देशों की तरह, नॆदरलैंडस्‌ के यहोवा के साक्षियों ने भी हर जाति, कुल, भाषा और लोगों को सनातन सुसमाचार सुनाने में अपनी भूमिका अदा करने का संकल्प किया है।—प्रकाशितवाक्य 14:6.