इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

लोगों को उनकी नौकरी की जगह पर गवाही देना

लोगों को उनकी नौकरी की जगह पर गवाही देना

राज्य उद्‌घोषक रिपोर्ट करते हैं

लोगों को उनकी नौकरी की जगह पर गवाही देना

मत्ती, पतरस, अन्द्रियास, याकूब और यूहन्‍ना जैसे प्रेरितों के साथ कौन-सी मिलती-जुलती बात हुई? इन सभी को यीशु ने अपना चेला बनने का बुलावा तब दिया जब वे अपने काम की जगह पर थे। पतरस, अन्द्रियास, याकूब और यूहन्‍ना मछली पकड़ने के अपने कारोबार में लगे हुए थे, जब यीशु ने उन्हें यह न्यौता दिया: “मेरे पीछे चले आओ।” उसी तरह जब यीशु ने मत्ती को अपना चेला बनने का बुलावा दिया, तब वह महसूल की चौकी पर बैठा था।—मत्ती 4:18-21; 9:9.

लोगों को उनकी नौकरी की जगह पर गवाही देने के अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। यह जानते हुए, हाल में जापान के यहोवा के साक्षियों ने बढ़-चढ़कर इस तरह की सेवा में हिस्सा लिया। इसके क्या नतीजे रहे हैं? कुछ ही महीनों में, हज़ारों वापसी-भेंटें की गयीं और करीब 250 बाइबल अध्ययन शुरू किए गए। आइए कुछ अनुभवों पर गौर करें।

टोक्यो में पूरे समय के एक प्रचारक की मुलाकात रेस्तराँ के एक ऐसे मैनेजर से हुई जिसकी लगभग 30 साल पहले, स्कूल में एक साक्षी से बात हुई थी। हालाँकि उस वक्‍त उसे साक्षी की बात ठीक तरह से समझ नहीं आयी थी, मगर बाइबल में उसकी दिलचस्पी ज़रूर पैदा हो गयी थी। अब एक बार फिर उसकी दिलचस्पी जागी और वह, ज्ञान जो अनन्त जीवन की ओर ले जाता है * किताब के ज़रिए बाइबल अध्ययन करने के लिए राज़ी हो गया। इसके अलावा, वह हर रात सोने से पहले बाइबल का कुछ भाग भी पढ़ने लगा है।

एक स्पेशल पायनियर एक दफ्तर गयी। उसने रिसेप्शन से मैनेजर को फोन किया, मगर वह नहीं मिला। मैनेजर के बजाय एक जवान स्त्री ने फोन उठाया और पूछा: “क्या आप मुझसे बात करना चाहेंगी?” टेलीफोन पर थोड़ी देर बात करने के बाद, वह स्त्री रिसेप्शन पर आयी और कहा कि वह बाइबल पढ़ना चाहती है। स्पेशल पायनियर बहन ने वापस लौटने का और साथ में उसके लिए एक बाइबल भी लाने का इंतज़ाम किया। और इस तरह बहन ने उसके साथ, एक बाइबल अध्ययन शुरू किया। अब वह बहन पासवाले पार्क में सुबह, उस औरत के काम पर जाने से पहले उसके साथ अध्ययन करती है।

एक और दफ्तर में, एक आदमी ने देखा कि उसके साथ काम करनेवाली ने एक साक्षी की बात सुने बिना उससे प्रहरीदुर्ग और सजग होइए! पत्रिकाएँ कबूल कीं और उसके जाते ही उन्हें फेंक दिया। जब वह आदमी घर लौटा, तो उसने यह घटना अपनी पत्नी को सुनायी जो एक साक्षी थी। उसने कहा, ‘अगर मैं उसकी जगह होता तो कम-से-कम साक्षियों की बात सुन लेता।’ यह बात उसकी बेटी ने सुन ली और जाकर एक ऐसे साक्षी भाई को बतायी जो उस बिज़नेस इलाके में प्रचार कर रहा था जहाँ उसका पिता काम करता था। साक्षी ने बिना देर किए उस आदमी से उसके दफ्तर में मुलाकात की और उसके साथ बाइबल अध्ययन शुरू कर दिया। कुछ ही समय बाद, वह आदमी नियमित रूप से रविवार की सभाओं में हाज़िर होने लगा।

नौकरी की जगह पर लोगों को गवाही देने के और भी फायदे होते हैं। जापान में बहुत-से प्रचारक बाज़ार और दुकानों में, कारखानों और दफ्तरों में लोगों से वापसी-भेंट करने में माहिर हो गए हैं। इसके अलावा, गवाही देने के इस तरीके से बहुत-से ऐसे साक्षियों के साथ मुलाकात हो पायी है, जो सच्चाई में ठंडे पड़ चुके थे और उनके साथ दोबारा अध्ययन शुरू किए गए हैं। इसके बढ़िया नतीजे निकले हैं। हाल में, मध्य टोक्यो की एक कलीसिया ने 108 बाइबल अध्ययन रिपोर्ट किए हैं और यह संख्या पिछले साल की संख्या से दुगुनी है।

[फुटनोट]

^ इसे यहोवा के साक्षियों ने प्रकाशित किया है।