इस जानकारी को छोड़ दें

विषय-सूची को छोड़ दें

क्या वाकई अब्राहम के पास अपने ऊँट थे?

क्या वाकई अब्राहम के पास अपने ऊँट थे?

क्या वाकई अब्राहम के पास अपने ऊँट थे?

बाइबल बताती है कि फिरौन ने जो पालतू जानवर अब्राहम को दिए उनमें ऊँट भी थे। (उत्प. 12:16) जब अब्राहम का सेवक मेसोपोटामिया के लंबे सफर के लिए निकला, तब उसने “अपने स्वामी के ऊंटों में से दस ऊंट” साथ लिए थे। तो बाइबल साफ-साफ बताती है कि आज से करीब 4,000 साल पहले अब्राहम के पास ऊँट थे।—उत्प. 24:10.

लेकिन कुछ लोग इस बात को सच नहीं मानते। किताब द न्यू इंटरनेशनल वर्शन आर्कियोलॉजिकल स्टडी बाइबल कहती है: “कुछ विद्वानों का मानना है कि ऊँट के बारे में बाइबल में दिए ये ब्यौरे इतिहास के मुताबिक सही नहीं। क्योंकि इनमें से ज़्यादातर विद्वान मानते हैं कि करीब 3,200 साल पहले यानी अब्राहम के समय से कई सालों बाद ऊँट पालतू जानवर के तौर पर रखे जाने लगे।” इसलिए बाइबल की शुरूआती किताबों में जहाँ कहीं ऊँट का ज़िक्र मिलता है वह गलत है। क्योंकि जब इन्हें लिखा गया उस दौरान ऊँट को पालतू जानवर के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जाता था।

वहीं कुछ और विद्वान दलील देते हैं कि भले ही करीब 3,000 साल पहले ऊँट को पालतू जानवर की तरह रखा जाने लगा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उससे पहले कभी ऊँटों का इस्तेमाल ही नहीं होता था। सिविलाइज़ेशन ऑफ द एंशन्ट नीयर ईस्ट किताब कहती है: “हाल के अध्ययनों से पता चला है कि ऊँटों को पालने का चलन अरब के दक्षिण-पूर्वी इलाके में 4,000 से भी ज़्यादा साल पहले शुरू हुआ था। पहले-पहल इन जानवरों को शायद दूध, बाल, चमड़े और गोश्‍त के लिए पाला जाता था। लेकिन फिर जल्द ही पता चला कि ये बोझ ढोने के काम में भी लाए जा सकते हैं।” अब्राहम के समय से भी कई सालों पहले ऊँट का इस्तेमाल होता था, यह बात खुदाई करने पर मिले अवशेषों और हड्डी के टुकड़ों से भी पुख्ता होती है।

यही नहीं, ऐसे दस्तावेज़ भी मौजूद हैं जो इस बात को पुख्ता करते हैं। सिविलाइज़ेशन किताब यह भी बताती है: “मेसोपोटामिया में मिले कुछ कीलाक्षर सूचियों में इस जानवर [ऊँट] का ज़िक्र मिलता है और वहाँ मिली कई मोहरों पर भी इसी जानवर की छाप बनी है। ये चीज़ें इशारा करती हैं कि ऊँट आज से करीब 4,000 साल पहले मेसोपोटामिया में इस्तेमाल किया जाता था,” यानी अब्राहम के दिनों में।

कुछ और विद्वानों का मानना है कि दक्षिण अरब के व्यापारी, जो धूप चढ़ाने के सुगंधित मसालों का व्यापार करते थे, अपना माल-असबाब रेगिस्तान से होते हुए उत्तर के देशों में ले जाने के लिए ऊँटों का इस्तेमाल करते थे। वे मिस्र और सीरिया जैसे देशों में जाते थे और इस तरह ऊँट का इस्तेमाल करने का चलन दूसरी जगहों में भी मशहूर हो गया। यह व्यापार आज से करीब 4000 साल पहले किया जाता था। दिलचस्पी की बात है कि उत्पत्ति 37:25-28 में इश्‍माएली व्यापारियों का ज़िक्र मिलता है, जो ऊँटों पर धूप चढ़ाने के मसाले लेकर मिस्र जाते थे और यह तकरीबन अब्राहम के समय से 100 साल बाद की बात है।

हो सकता है कि करीब 4,000 साल पहले पूर्वी अरब के इलाकों में ऊँट का इस्तेमाल उतना ज़्यादा नहीं होता था, लेकिन सबूत दिखाते हैं कि उस समय लोग इस जानवर से अनजान नहीं थे। इसलिए द इंटरनैशनल स्टैंडर्ड बाइबल इनसाइक्लोपीडिया कहती है: “बाइबल की शुरूआती किताबों में जहाँ कहीं ऊँट के इस्तेमाल का ज़िक्र मिलता है, उन ब्यौरों को गलत नहीं माना जाना चाहिए। क्योंकि खुदाई करने पर मिले ढेरों सबूत यही दिखाते हैं कि [अब्राहम] से पहले के समय में भी ऊँटों को पाला जाता था।”